बुलट बाइक चलाने का शौक पूरा करने के लिए युवक ने पहले ओएलएक्स पर बोली लगाई। इसके बाद टेस्ट ड्राइव के बहाने बाइक ले उड़ा। सिकंदरा क्षेत्र में साथी के साथ बाइक पर घूमते समय पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
मथुरा के राया निवासी दवा व्यवसायी गगन ने बुलट बेचने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन दिया था। बाइक की कीमत 1.80 लाख रुपये थी। राया के भूपेंद्र जाट ने फोन कर 1.25 लाख रुपये में बुलट खरीदने को बोली लगाई। 15 दिन पहले बुलट देखने के लिए पहुंच गया और टेस्ट ड्राइव के बहाने बुलट ले उड़ा। पुलिस पूछताछ में भूपेंद्र ने बताया कि वह फैक्ट्री में काम करता है। उसे बुलट चलाने का शौक है। मगर, काफी महंगी होने के कारण खरीद नहीं पा रहा था। पिछले दिनों किसी ने बताया कि ओएलएक्स पर वह सस्ती मिल जाएगी। उसे आसानी से टेस्ट ड्राइव के बहाने चोरी भी किया जा सकता है। उसने अपने साथी पवन से दो घंटे के लिए उसका मोबाइल मांगा। उसमें अपना सिम लगाकर बात की, जिससे पकड़े जाने का डर नहीं रहे। रविवार रात को बाइक को लेकर दोनों शास्त्रीपुरम क्षेत्र में घूम रहे थे। तभी चेकिंग के दौरान थाना सिकंदरा पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। एसओ ने बताया कि उन पर राया में कई मुकदमे दर्ज हैं।