झज्जर से दादरी लौट रहे कॉलेज रोड निवासी एक युवक की रामबाग के समीप बाइक रुकवाकर तीन लोगों ने हमला कर दिया। घटना में युवक को गंभीर चोटें आई। अस्पताल में उपचाराधीन युवक के बयान पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल युवक रवि ने बताया कि रविवार सुबह वह किसी काम से झज्जर गया था। शाम करीब छह बजे वह झज्जर से दादरी के लिए निकला था। रवि ने बताया कि जब वह दिल्ली रोड स्थित रामबाग के समीप पहुंचा तो पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने उसकी बाइक को ओवरटेक किया। ओवरटेक के बाद उक्त बाइक चालक ने सड़क के बीचों बीच अपनी बाइक रोक ली। जब वह उनके पास पहुंचा तो उन्होंने उसकी बाइक को भी जबरन रुकवा लिया। बाइक रुकते ही उक्त लोगों ने साइड न देने की बात कहकर उससे गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उसने इसका विरोध किया तो उक्त तीनों लोगाें ने उस पर हमला कर दिया। बाद में उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।