आगरा के राजा मंडी रेलवे स्टेशन के पास शनिवार तड़के रेलवे लाइन पर प्रेमी युगल के शव पड़े मिले। मृतकों की पहचान लोहा मंडी के ताल मंगलेश्वर निवासी शक्ति (25) और गुंजन (23) के रूप में हुई। जीआरपी का कहना है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। युवती की शादी होने वाली थी। प्रथम दृष्टया प्रेम संबंधों में ही दोनों ने आत्महत्या की है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
थाना लोहामंडी के ताल मंगलेश्वर मंदिर स्थित हरी पाड़ा निवासी शक्ति पुत्र ईश्वर दयाल पानी के प्लांट पर काम करता था। उसके पिता ने बताया कि बेटा शुक्रवार रात को 11:00 बजे काम से घर आया। इसके बाद बाहर वाले कमरे में सोने चला गया।
घर के पास ही गुंजन कुमारी पुत्री बबलू भी रहती थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों के शव राजा मंडी स्टेशन के पास रात तकरीबन 3:00 बजे रेलवे लाइन पर पड़े मिले। एक ट्रेन चालक की सूचना पर जीआरपी पहुंच गई। जीआरपी ने दोनों के परिजनों को सूचना दी। दोनों की ट्रेन से कटकर मौत हुई है।