फिरोजाबाद में शिकोहाबाद के इंड्रस्ट्रियल एरिया स्थित वीड्स (मोती) की फैक्ट्री में अवैध रूप से बन रहे पटाखों में तेज धमाके के साथ आग लग गई। सात मजदूर जलकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी के साथ प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
घायल मजदूरों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, वहां से आगरा रेफर कर दिया। डीएम नेहा शर्मा, एसएसपी अजय कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक मलबा का हटाने का कार्य चल रहा था।
बताया गया है कि शिकोहाबाद के इंड्रस्ट्रियल एरिया स्थित प्रभात माहेश्वरी की सूर्या वीड्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से फैक्ट्री है। फैक्ट्री को मोहल्ला खेड़ा निवासी आलोक गुप्ता ने लीज पर लिया है। फैक्ट्री में मोती बनाने के साथ ऊपर की मंजिल पर पटाखे और खिलौने बनाने का काम अवैध रूप से चल रहा था।
हादसा बुधवार की शाम को उस समय हुआ जब श्रमिक काम करने में व्यस्त थे। फैक्ट्री में अचानक तेज धमाके के साथ आग लग गई। श्रमिकों में चीखपुकार मच गई। मजदूर जान बचाने के लिए भागने लगे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम एवं एसडीएम संगमलाल यादव, तहसीलदार पुलिस फोर्स के ही साथ फैक्ट्री पहुंचे।
ये हुए हैं घायल
घायल
- फोटो : अमर उजाला
आग पर काबू पाने के साथ झुलसे हुए श्रमिकों को बाहर निकाला। घायलों में कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद क्षेत्र के गांव कछपुरना निवासी शिवम (20) पुत्र रामचंद्र, शराबन (28) पुत्र रामचरन, शिव मंगल (19) पुत्र प्रेम सिंह, नीरज (28) पुत्र प्रभुदयाल, महेश (19) पुत्र प्रेम सिंह कायथा गढ़ैया फर्रुखाबाद व अंकित (17) पुत्र उपदेश निवासी हरदोई शामिल हैं।
इन सभी को फिरोजाबाद जिला अस्पताल भेजा। अधिकांश के 70 से 80 प्रतिशत तक जले होने के कारण उन्हें आगरा रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही डीएम नेहा शर्मा, एसएसपी अजय कुमार पांडेय, सीओ संजय वर्मा पहुंच गए।
एसपी सिंह बघेल पहुंचे
एसपी सिंह बघेल
- फोटो : अमर उजाला
कैबिनेट मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने शिकोहाबाद में हुए हादसा स्थल का निरीक्षण किया और सहयोग का भरोसा दिया। डीएम नेहा शर्मा ने बताया फैक्ट्री संचालक के खिलाफ जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक की ओर से अभियोग दर्ज कराया गया है। फैक्ट्री के चौकीदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
तीन किलोमीटर दूर तक सुना धमाका
धमाका
- फोटो : अमर उजाला
मोती की फैक्ट्री में धमाका इतना तेज था कि करीब ढाई से तीन किलोमीटर दूर तक सुनाई दिया। आस-पास की फैक्ट्री के दरवाजे एवं खिड़की तक हिल गए। हर कोई इस बात को लेकर परेशान था कि आखिर फैक्ट्री में ये धमाका कैसे हुआ।