क्वारी गांव में शुक्रवार की दोपहर चोरी की बिजली से चल रही आटा चक्की की चेकिंग के दौरान जेई राजकुमार को कुछ लोगों ने हाथापाई कर बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस ने एक नामजद समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विद्युत सबस्टेशन बाह की चेकिंग टीम शुक्रवार को क्वारी गांव में पहुंची। वहां पर टिन्नू की आटा चक्की चोरी की बिजली से चलती मिली। टीम ने कांटे का एक पलड़ा, पटा और विद्युत केबल काट दी। इसके बाद टीम संजय सिंह के घर पहुंची। वहां कांटा लगा देख टीम अंदर घुस ही रही थी कि संजय सिंह और उसके भाई समेत चार लोगों ने जेई राजकुमार से हाथापाई कर दी। इतना ही नहीं जेई को कमरे में बंद कर मोबाइल छीन लिया। टीम को भी धक्के मारकर बाहर निकाल दिया। बाद में टीम ने बाह पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी भाग निकले। पुलिस ने जेई को मुक्त कराया। जेई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा कि जेई देवेंद्र सिंह, पंकज, रूपकिशोर, राजेंद्र, मुकेश, सुरेंद्र आदि के साथ संजय सिंह, उसके भाई और दो अन्य ने हाथापाई कर मोबाइल छीन लिया। जेई को कमरे में बंद कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।