गोकुलपुरा में कुलकुलबाजी (कबूतर उड़ाने का खेल) के विवाद ने रविवार शाम छह बजे दो जातीय गुटों के संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों में पुलिस चौकी के ठीक सामने लगभग आधा घंटा तक पथराव हुआ। इसमें चौकी इंचार्ज समेत आठ लोग घायल हो गए। कई घरों में भी ईंटें फेंकी गई। इलाके की दुकानें बंद हो गईं। फोर्स आई तो उपद्रवी भागे। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। तनाव के चलते पुलिस तैनात कर दी गई है।
झगड़ा अशोक वाल्मीकि और हरिओम वर्मा के बच्चों के बीच हुआ था। दोनों कबूतर उड़ा रहे थे। किसी बात पर उनमें कहासुनी हुई तो दोनों ओर के लोग आ गए। गोकुलपुरा पुलिस चौकी के सामने उनके बीच पथराव हुआ। यहां किसी की ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। आरोप है कि अशोक पक्ष ने ये ईंटे लालो यादव, संजय वर्मा, दिलीप अग्रवाल और ओम प्रकाशके घरों में भी फेंकीं जिनका झगड़े से कोई वास्ता नहीं था। ईंट लगने से लालो गंभीर रूप से घायल हो गए। पथराव में चौकी इंचार्ज सन्नू लाल यादव, हरिओम वर्मा, भूरा, पाल ब्रहम, बबलू समेत आठ लोग घायल हुए हैं। यही नहीं दोनों पक्षों के लोग हाथों में ईंट-पत्थर लेकर एक -दूसरे गलियों तक में दौड़ाते रहे। थाना लोहामंडी से पुलिस फोर्स आने पर वे भाग निकले। पुलिस ने अशोक वाल्मिीकि के बेटे अक्षय को हिरासत में लिया। अशोक पक्ष ने जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगाया तो हरिओम पक्ष ने इससे इनकार किया है।
कई बार हो चुका है झगड़ा
गोकुलपुरा के इंजीनियर विमल ने बताया कि यहां कुलकुलबाजी पर दोनों पक्षों में कई बार झगडा़ हो चुका है। पुलिस सख्ती नहीं दिखा रही, इसलिए बार-बार बवाल हो रहा है। दो महीने पहले भी पथराव किया गया था।