दयालबाग स्थित एसबी नगर में आगरा कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव नितिन शर्मा पर मंगलवार रात को घर में घुसकर हमला किया गया। घरवालों को भी जमकर पीटा गया। थाना न्यू आगरा में तहरीर देने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
नितिन ने बताया कि उनके घर के पास एक व्यक्ति परचून की दुकान की आड़ में अवैध रूप से गैस रीफिलिंग और शराब की अवैध बिक्री का काम करता है। मंगलवार रात तकरीबन 8:45 बजे वह कहीं जा रहे थे। सड़क पर हो रही रीफिलिंग का उन्होंने विरोध किया। आरोप है कि उक्त दुकानदार अपने साथियों के साथ उनके घर में घुस आया। लाठी-डंडों से उनकी और उनके परिवार के सदस्यों की पिटाई की गई। पथराव भी किया। इससे उनके भाई वैभव के सिर में चोट आई है। शोर होने पर मोहल्ले के लोग आ गए। तब हमलावर भाग गए। उन्होंने जानकारी थाना न्यू आगरा पुलिस को दी। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया। मगर, मुकदमा दर्ज नहीं किया। बुधवार को अधिवक्ताओं ने एसएसपी आफिस में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, आगरा कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन ने आरोपियों को पकड़ने की मांग की। इस दौरान बिजेंद्र सिंह रावत, लोकेंद्र शर्मा, अशोक चौबे, नरेंद्र शर्मा, आशुतोष श्रोत्रिय, दिनेश नौहवार, एसपी भारद्वाज, हेमंत भारद्वाज आदि मौजूद रहे।