विहिप के महानगर उपाध्यक्ष अरुण माहौर की हत्या और गोकशी के खिलाफ भड़के हिंदूवादी संगठनों ने सोमवार को बटेश्वर में यमुना तट पर प्रदर्शन किया। किरावली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया।
विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बटेश्वर में यमुना तट पर साधु-संतों के साथ विहिप महानगर उपाध्यक्ष अरुण माहौर को विधि विधान से श्रद्धांजलि दी और संकल्प लिया कि किसी भी सूरत में गोकशी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब तक अरुण माहौर के हत्यारों को फांसी की सजा नहीं हो जाती तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे। गो रक्षा के लिए हर स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान बजरंग दल के विभाग सुरक्षा प्रमुख सत्येन्द्र बरूआ, भोले गिरि महाराज, जयप्रकाश शास्त्री, रवीकान्त गोस्वामी, सोनू सैंतिया, सचिन रावत, संजीव ओझा, रामवीर सिंह, सौरभ गर्ग, आकाश गोस्वामी, सुमित गोस्वामी, शिवम आदि मौजूद रहे।
वहीं, किरावली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने 50 लाख रुपये मुआवजा और उनके परिवार के दो सदस्यों को नौकरी देने की मांग की। पुलिस चौकी चौराहा पर भाजपा नेता नरेश चित्तौड़िया के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में चौधरी अश्वनी, आंसू सविता, अजमत सिंह, सुभाष इन्दौलिया, दीपक चाहर, राहुल शर्मा, अजीत आदि मौजूद रहे।