सेना भर्ती के नाम पर लोगों से ठगी करने के आरोपी सैनिक को पुलिस ने गुरुवार शाम गिरफ्तार कर लिया है। ये पश्चिमी यूपी के युवाओं को भर्ती के नाम पर ठगता था। उसके खिलाफ दो केस दर्ज हैं। इनके अलावा दस शिकायतें आ चुकी हैं। उसे सेना ने ही पकड़ा। इसके बाद सदर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। उससे पूछताछ की जा रही है। कुछ और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
सैनिक रविन्द्र सिंह 2003 में सेना में भर्ती हुआ था। अलीगढ़ के गोंडा के कासका गांव का रहने वाला है। उसकी तैनाती आगरा में है। यहीं पर छावनी में क्वार्टर में रहता है। भर्ती के दौरान आने वाले अभ्यर्थियों के परिवारीजनों से संपर्क करता था। उनसे कहता था कि उसकी सेना में जान पहचान है। वह भर्ती करा सकता है। लोगों को घर ले जाता था।
यहां पूरा सौदा करता था। हाथरस के जलेसर रोड के हिमांशू यादव से भी यही कहा था। उनके बेटे को भर्ती कराने के लिए चार लाख तय किए थे। दो लाख ले लिए थे। उनका बेटा भर्ती नहीं हुआ। उन्होंने पांच जुलाई को सदर थाना में रिपोर्ट दर्ज करा दी। इससे पहले गाजियाबाद के समय सिंह ने एफआईआर कराई। उनके बेटे को भर्ती कराने के नाम पर भी दो लाख ठगे थे।
सीओ सदर राजेश द्विवेदी ने बताया कि इस मामले में सेना के अधिकारियों ने बहुत सहयोग किया। उन्हें जानकारी दे दी गई थी। उनसे सहयोग की अपील की गई थी। सैन्य अधिकारियों ने ही उसे पकड़वाया। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। रविन्द्र सिंह ने अलीगढ़, हाथरस, मेरठ, गाजियाबाद और बुलंदशहर के लोगों के साथ ठगी की है। उसके खिलाफ दर्ज दो केस में से एक गाजियाबाद के समय सिंह और दूसरा हाथरस के हिमांशू यादव ने दर्ज कराया। सीओ सदर राजेश द्विवेदी ने बताया कि अन्य शिकायतों को भी जांच में शामिल किया जाएगा।