रायभा गांव के ठाकुर यशपाल सिंह मार्केट में गुरुवार रात को इंडिया वन कंपनी के एटीएम को काटने वाले बदमाश स्कार्पियो से आए थे। महज दस मिनट में दो बदमाशों ने गैस कटर से एटीएम को काटकर कैश बॉक्स निकाल लिया था, जबकि एक बदमाश गाड़ी में ही बैठा रहा था। सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की तस्वीर कैद हो गई है।
इंडिया वन कंपनी के एटीएम को गैस कटर से काटकर बदमाश कैश बॉक्स ले गए थे। इसमें 36,400 रुपये रखे थे। एटीएम के गेट और अंदर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस ने बताया कि फुटेज में 23 अक्तूबर को तड़के तकरीबन 3.46 पर एक स्कार्पियो बिना नंबर की आकर रुकती है। उसमें से दो बदमाश उतरते हैं।
दोनों नेे चेहरे ढक रखे हैं। दोनों गाड़ी में रखे सिलेंडर और अन्य उपकरण का पाइप केबिन के अंदर तक ले गए। इसके बाद एटीएम को गैस कटर से काट डाला। इस घटना को अंजाम देने में महज दस मिनट का समय लिया। 3.56 बजे बाक्स को गाड़ी में रखकर ले गए। इन फुटेज की मदद से बदमाशों की तलाश की जा रही है। बदमाशों की उम्र महज 30 से 35 के बीच रही होगी। गैंग आगरा से बाहर का भी हो सकता है।