आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र से फरवरी में बहला-फुसलाकर अगवा किशोरी हरियाणा के जींद में मिल गई। किशोरी को बरामद करने के संबंध में हाईकोर्ट ने निर्देश दिए थे। पुलिस ने अगवा करने के आरोपी युवक सहित तीन लोगों को भी हिरासत में लिया है।
थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पंवार ने बताया कि मामले में हरियाणा के रोहतक निवासी युवक के खिलाफ बहलाफुसलाकर अपहरण करने का मुकदमा दर्ज कराया गया। जांच में पता चला कि किशोरी की बहन रोहतक के एक गांव में रहती है। किशोरी वहां जाती थीं। आरोपी युवक के रिश्तेदार भी वहीं रहते हैं। इस दौरान दोनों का संपर्क हो गया।
पीड़ित पक्ष ने हाईकोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर बेटी को बरामद करने की मांग की। हाईकोर्ट ने एसएसपी को निर्देशित किया। क्राइम ब्रांच और स्वाट टीम को लगाया गया। हरियाणा के जींद में युवक और किशोरी के होने की जानकारी पर दबिश दी गई। इसके बाद शनिवार को दोनों को बरामद कर लिया गया। अब किशोरी और युवक को कोर्ट में पेश किया जाएग।