आगरा पुलिस ने सेना में भर्ती कराने के नाम पर ठगी करने वाले दो युवक पकड़े
- फोटो : अमर उजाला
आगरा पुलिस की पकड़ में आए सेना में भर्ती कराने के नाम पर ठगी करने वाले गैंग के सुनील तोमर और अजय कुमार को रविवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि गैंग का सरगना अलीगढ़ के खैर का होशियार सिंह है। वह अपने एजेंट की मदद से भर्ती स्थल पर अभ्यर्थियों से संपर्क करता है। पांच लाख रुपये में भर्ती कराने का आश्वासन देता है। बाद में अलग-अलग राज्य में भर्ती कराने के नाम पर अभ्यर्थियों को भेजता है। व्हाट्सएप पर एडमिट कार्ड भेज देता है। अभ्यर्थियों से बची रकम लेने के लिए फर्जी वेबसाइट पर रिजल्ट दिखाता है।
फतेहाबाद निवासी रवेंद्र, रिंकू और छोटेलाल वर्ष 2018 में मथुरा में सेना भर्ती में शामिल हुए थे। रवेंद्र ने पुलिस को बताया कि तब उनकी मुलाकात होशियार सिंह और उसके साथियों से हुई थी। उसने उनका नंबर ले लिया। नवंबर 2019 में कॉल करके भर्ती कराने का आश्वासन दिया। उन्हें कोलकाता ले जाकर परीक्षा दिलाने का दावा किया। 2.40 लाख रुपये ले लिए। उन्हें व्हाट्सएप पर एडमिट कार्ड भेजे थे, जिसमें सेना भर्ती बोर्ड लिखा हुआ था।
ये भी पढ़ें- आगरा: सेना में भर्ती कराने के नाम पर 2.40 लाख रुपये की धोखाधड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार
कोलकाता से आने के 20 दिन बाद फिर से कॉल किया। इस बार बताया कि रिजल्ट जारी हो गया। उन्होंने ज्वाइन इंडियन आर्मी नाम से बनी वेबसाइट पर रिजल्ट दिखा दिया। इसमें उनके नाम, रोल नंबर और पते का जिक्र था। इसके बाद होशियार सिंह बाकी के 12 लाख मांग रहा था। मगर, शक होने की वजह से रकम नहीं दी। रकम वापस मांगने पर नंबर बंद कर लिया था। बाद में वेबसाइट फर्जी निकली थी।