सराफा कारोबारी से हुई लूट और जिले में अब तक हुईं वारदात के विरोध में बुधवार को व्यापारियों ने हल्ला बोला। अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुमंत गुप्ता के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे व्यापारी उस वक्त उबल पड़े जब जानकारी होने के बावजूद एसएसपी और जिलाधिकारी उनका ज्ञापन लेने नहीं आए। इसको लेकर जमकर हंगामा हुआ। काफी देर बाद एसएसपी मौके पर पहुंचे तब मामला शांत हुआ।
अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद ने जिले में व्यापारियों के साथ हो रही आपराधिक वारदात के विरोध में कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन का ऐलान किया था। तय कार्यक्रम के मुताबिक व्यापारी सुभाष पार्क में एकत्र हुए और वहां से परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुमंत गुप्ता, महासचिव रवि प्रकाश अग्रवाल के नेतृत्व में जुलूस के रूप में करीब 11:30 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। वे जिलाधिकारी या एसएसपी को ज्ञापन देना चाहते थे। व्यापारी नेताओं का कहना है कि अधिकारी गाड़ियों में बैठकर चले गए। इससे उनका गुस्सा भड़क गया और वे धूप में धरने पर बैठ गए। विधायक जगन प्रसाद गर्ग भी पहुंच गए। लेकिन कोई भी अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं आया। करीब आधा घंटा बाद एसपी प्रोटोकाल अशोक कुमार त्रिपाठी, सीओ कोतवाली मनीषा सिंह ज्ञापन लेने पहुंचे, लेकिन सुमंत गुप्ता ने कह दिया जब तक एसएसपी ज्ञापन लेने नहीं आएंगे तब तक वे यहीं धरने पर बैठे रहेंगे। उन्होंने कहा कि जब अधिकारियों को प्रदर्शन के संबंध में जानकारी थी और वे समय पर कार्यालय पहुंच गए थे तो फिर ज्ञापन लेने क्यों नहीं आए। बाद में एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उन्हें ज्ञापन देने के बाद मामला शांत हुआ। व्यापारी नेताओं की मांग की थी कि सराफ रिंकू बंसल के साथ हुई लूट का जल्द खुलासा हो। शहर की सड़कों, पार्क, चौराहों पर हो रहे अवैध कब्जे रोके जाएं। प्रदर्शन में विनोद अग्रवाल, मनोज गुप्ता, केएम बंसल, मुरारी लाल, संजय अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, विनय अग्रवाल, संजीव अग्रवाल आदि शामिल रहे।