आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को छेड़छाड़ की शिकायत पर पहुंचे पीआरवी के पुलिसकर्मी के साथ आरोपी ने मारपीट कर दी। सिपाही की सूचना पर थाने से फोर्स पहुंची। हालांकि तब तक आरोपी हमलावर भाग निकला था। पीड़ित सिपाही ने थाना खंदौली में मारपीट की तहरीर दी है।
गांव निवासी एक व्यक्ति ने गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी थी कि उसके परिवार के ही एक सदस्य ने बड़ी बहन के साथ छेड़छाड़ की है। विरोध करने पर मारपीट कर रहा है। सूचना पर पीआरवी में तैनात सिपाही राहुल बाइक से गार्ड देवेंद्र के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक आरोपी भाग चुका था।
इस पर पीआरवी के सिपाही ने पीड़ित से थाने आकर शिकायत दर्ज कराने को कहा और खुद वापस चले आए। शुक्रवार को फिर से पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम को आरोपी द्वारा मारपीट किए जाने की सूचना दी। इस पर पीआरवी में तैनात सिपाही राहुल और गार्ड देवेंद्र गांव पहुंचे। आरोपी को पकड़कर सिपाही ने थाने चलने को कहा।
थाना खंदौली में दी तहरीर
आरोप है कि इस पर वो सिपाही से ही भिड़ गया। अभद्रता करते हुए हाथापाई की। सिपाही ने मारपीट की जानकारी थाना पुलिस को दी। जब तक फोर्स पहुंची। हमलावर भाग चुका था। मामले मे सिपाही राहुल ने थाना खंदौली में आरोपी के खिलाफ खिलाफ तहरीर दी है।
सीओ एत्मादपुर अतुल कुमार सोनकर का कहना है की पीआरवी सिपाही से मारपीट का मामला उनकी संज्ञान में नहीं है। घटना सही है, तो आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं थाना प्रभारी का कहना है की शराब के नशे में एक व्यक्ति ने सिपाही के साथ गाली गलौज की है। मारपीट जैसी कोई बात नहीं है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी पर कार्रवाई नहीं हुई तो दे दूंगा त्यागपत्र
पीआरवी पर तैनात सिपाही राहुल ने मारपीट के बाद थाना खंदौली में तहरीर दी है। पर, शाम तक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं हो सका था। इससे नाराज सिपाही ने कहा कि यदि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तो वह नौकरी से त्यागपत्र देने को तैयार है।