आगरा-फीरोजाबाद हाईवे पर झरना नाले के पास बुधवार शाम तकरीबन चार बजे सुदिति ग्लोबल एकेडमी फीरोजाबाद की ईको वैन खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। भीषण हादसे में वैन सवार प्रिंसिपल डा. रमाकांत (45) की मौत हो गई। चालक और पांच शिक्षक-शिक्षिकाएं गंभीर घायल हो गए। घायलों को पुलिस और राहगीरों ने बाहर निकाला और एसएन मेडिकल कालेज की इमरजेंसी में भेजा। जानकारी पर स्कूल प्रबंधन से जुड़े लोग भी अस्पताल पहुंच गए।
यह एकेडमी फीरोजाबाद के गढ़ी जाफर में आर्डिनेंस फैक्ट्री के पास है। इसमें कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थी पढ़ते हैं। बुधवार शाम को स्कूल वैन में सवार होकर प्रिंसिपल डा. रमाकांत निवासी अनुपम बाग, निशिका पुत्री बलराम निवासी प्रेम नगर, त्रिशूना पत्नी प्रेमचरन निवासी यूथ कैंप रोड (दयालबाग), शिक्षक रवि पुत्र हरभजन और उनकी पत्नी एकता निवासी पश्चिमपुरी (सिकंदरा), उमा पुत्री शिवप्रसाद निवासी किशोरपुरा (जगदीशपुरा) आगरा आ रहे थे।
वैन को अलीनगर, राजा का ताल, टूंडला निवासी राजू पुत्र हरपाल चला रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि झरना नाले के पास हाईवे किनारे खड़े ट्रक में वैन पीछे से जा टकराई। इस पर चीखपुकार मच गई। वैन मेें आगे बैठे डा. रमाकांत की मौत हो गई। लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर धुन दिया। हालांकि वह बाद में ट्रक लेकर फरार हो गया। थाना प्रभारी एत्माद्दौला ने बताया कि ट्रक को पकड़ा नहीं जा सका है।
राहगीर बने मददगार
हादसे के बाद राहगीर नहीं आते तो और भी जान जा सकती थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वैन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें फंसे घायलों को राहगीरों ने बिना समय गंवाए बाहर निकाला। सूचना के आधा घंटे बाद पुलिस पहुंची। तब उन्हें अस्पताल भेजा गया।
इमरजेंसी में कोहराम
हादसे की जानकारी पर प्रिंसिपल, शिक्षक और शिक्षिकाओं के परिवारीजन आ गए। उनमें कोहराम मच गया। डा. रामकांत की पत्नी बेसुध हो गई। घरवालों ने बताया कि डा. रमाकांत मूलरूप से केरल के रहने वाले थे। कुछ समय पहले ही एकेडमी में प्रिंसिपल बने थे। परिवार दयालबाग में रहता है। वहीं उमा के घरवालों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उमा की हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल भेजा गया। परिवारीजनों ने बताया कि उमा की एक सप्ताह पहले ही स्कूल में नौकरी लगी थी।