यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह गांव नादऊ के समीप कार डिवाइडर से टकरा गई। इससे उसमें सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। जबकि दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची यमुना एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस से घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
निधि भारद्वाज (28) निवासी मऊ आजमगढ़ और वर्षा (27) पुत्री श्रीप्रकाश निवासी गोपीगंज जिला संत रविदासनगर दोनोें छात्राएं दिल्ली के हास्टल में रहती हैं। शनिवार सुबह छात्राएं अपने दोस्त सुमित (23) पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी गली नंबर दो छोटू कालोनी सोनीपत हरियाणा और अनुराग (22) पुत्र बलवीर शर्मा निवासी नवादा पोस्टआफिस उत्तम नगर नई दिल्ली के साथ शनिवार सुबह लगभग पांच बजे कार से यमुना एक्सप्रेसवे से नोएडा से आगरा आ रहे थे। खंदौली टोल प्लाजा पार कर नादऊ के समीप अचानक कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में सुमित और अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि निधि और वर्षा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बच्चों को टक्कर मारती हुई बोलेरो गड्ढे में जा गिरी
बाह। आगरा-बाह हाईवे पर बड़ागांव के पास शनिवार शाम घर के बाहर खेल रहे बच्चों को चपेट में लेती हुई अनियंत्रित बोलेरो गड्ढे में जाकर पलट गई। हादसे में पांच बच्चों समेत सात लोग घायल हो गए। बाद में गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। लगभग एक घंटे रहे जाम के दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। बाह के बड़ागांव में भूप सिंह और प्रेम चंद्र के परिवार के बच्चे घर के दरवाजे पर खेल रहे थे। शाम लगभग पांच बजे के इटावा की ओर से आ रही बोलेरो अनियंत्रित होकर बच्चों को टक्कर मारती हुई सड़क किनारे गड्ढे में जाकर पलट गई। इससे बच्चे रवि (8), अनिल (12), रवीशंकर (14), करू (16), कालीचरन (12) घायल हो गये। जबकि बोलेरो सवार अनिरुद्ध निवासी जुगरामऊ इटावा समेत दो लोग घायल हो गये। बच्चों की हालत देख गुस्साए गांव के लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। वहीं, जाम की सूचना पर बाह, जैतपुर, चित्राहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुुंची गई। पुलिस ने घायलों को सीएचसी बाह में भर्ती कराया। वहां से आगरा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया।