अलग-अलग सड़क हादसों में शुक्रवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दंपति समेत छह लोग घायल हो गए। यमुना एक्सप्रेसवे पर लखनऊ से नोएडा जा रही रोडवेज बस खंभे से टकरा गई। आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर बाइक सवार दंपति को ट्रक ने चपेट में ले लिया। फतेहाबाद में कार की टक्कर से टेंपो सवार की मौत हो गई।
खंदौली टोल प्लाजा के समीप शुक्रवार सुबह लगभग पांच बजे सिकंदराबाद डिपो की बस लखनऊ से नोएडा जाते समय एक विज्ञापन के खंभे से टकरा गई। इससे सवारियों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर चौकी टोल प्लाजा की पुलिस पहुंची और घायलों को आगरा अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद चालक और कंडेक्टर बस छोड़कर भाग गए। हादसे में दीपक पुत्र मुन्नालाल निवासी मोतीनगर फतेहपुर, अनीता (35), अहिवरन सिंह और उनका नाती अंकुश (11) निवासी तमोरिया खुर्द उन्नाव घायल हो गए। दूसरा हादसा सुबह नौ बजे आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर खंदौली स्वास्थ्य केन्द्र के समीप हुआ। प्रेमवीर सिंह निवासी भदूरी सादाबाद अपनी पत्नी पिंकी देवी के साथ बाइक से पचोखरा जा रहे थे। तभी ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फतेहाबाद में तोरा चौकी के पास कार की टक्कर से टेंपो में सवार बमरौली कटारा निवासी समुद्र सिंह (50) की मौत हो गयी। गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। बाद में तहसीलदार सदर ने मृतक आश्रित परिवार को 30,000 रुपये मुआवजा देने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। वहीं, बाह में बाइक से अपने भाई का टीका करने जा रही विक्रमपुर निवासी सतेंद्र सिंह की पत्नी गुड्डी देवी जरार पुलिस चौकी के पास स्कार्पियों की टक्कर से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सीएचसी बाह में भर्ती कराया और स्कारपियो को कब्जे में ले लिया है।