सिकंदरा में करकुंज चौराहे के पास बुधवार दोपहर को दो बाइकों की भिड़ंत में दो बहनों समेत तीन लोग घायल हो गए। एसएन अस्पताल में एक बहन की मौत हो गई। एत्मादपुर हाईवे पर छलेसर के पास मैक्स की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। खंदौली में सपा का झंडा लगी स्कॉर्पियो ने दो को कुचला दिया। वहीं, बाह में दो टेंपो की भिड़ंत में दो छात्राओं समेत तीन घायल हो गए।
आगरा के आवास विकास कालोनी सेक्टर 12 निवासी ललिता चौैहान (18) अपनी बड़ी बहन सोनाली के साथ कालोनी के अंकुर के साथ आधार कार्ड बनवाने दोपहर डेढ़ बजे घर से निकली थीं। करकुंज रोड पर सामने से तेज गति से आती बाइक की टक्कर से अंकुर की बाइक डिवाइ़डर से रगड़ती चली गई। इससे तीनों घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें एसएन अस्पताल में भर्ती कराया। जहां ललिता की मौत हो गई। बाद में सोनाली और अंकुर को घरवालों ने दिल्ली गेट स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। ललिता के भाई अभिषेक ने बताया कि पिता श्याम सिंह चौहान पुलिस उपनिरीक्षक हैं। वे कानपुर देहात जिले में तैनात हैं। ललिता इंटर की छात्रा थी, जबकि सोनाली आरबीएस कालेज से बीएससी कर रही है।
एत्मादपुर संवाददाता के अनुसार छलेसर के पास हाईवे पर गलत दिशा से आती मैक्स गाड़ी की टक्कर से बुधवार दोपहर तकरीबन साढ़े बारह बजे फीरोजाबाद के मोहल्ला जैननगर निवासी सुनील शर्मा (45) और अपनी पत्नी वीना घायल हो गईं। वे बाइक से आगरा जा रहे थे। कुछ ही देर में सुनील की मौत हो गई। घटना के बाद मैक्स चालक मौके से भाग गया। मौके पर जुटी भीड़ ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सुनील के घर सूचना देकर घायल वीना को अस्पताल में भर्ती कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खबर लिखे जाने तक पुलिस परिजन की तहरीर पर चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करने की कार्रवाई कर रही थी।
खंदौली संवाददाता के अनुसार खंदौली-एत्मादपुर मार्ग पर स्थित ग्राम लहलर के समीप सपा का झंडा लगी सफेद रंग की स्कॉर्पियो की टक्कर से युवक अश्वनी पुत्र ओमप्रकाश और निन्नूमल (85) निवासी घढ़ी मंगली थाना वल्देव घायल हो गए। हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार मुढ़ी चौराहा की और भागे। जहां मुढ़ी पुलिस चौकी का बैरियर तोड़ते हुए गाड़ी खडे़ ट्रैक्टर से जा टकराई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद स्कार्पियो सवार तीनों युवकों को पकड़ लिया। थाने ले जाने पर तीनों ने पुलिस के साथ गालीगलौैज करते हुए हंगामा किया। युवकों को नशे की हालत में देख पुलिस ने उनका मेडिकल कराया। घटना शाम लगभग पांच बजे की है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने अपने नाम विमल पुत्र लटूरी सिंह, अनीश पुत्र नत्थू और आबिद पुत्र वेनामी निवासी सिढ़पुरा कासगंज बताया है। उनकी गाड़ी की तलाशी के दौरान उसमें काला सर्प मिला तो पुलिसकर्मी डरकर भागे। युवकों से पूछताछ में पता चला कि विमल सपेरा है। पुलिस तीनों को सर्प की तस्करी से जोड़कर जांच कर रही है। वहीं, युवकों का कहना है कि वे खंदौली के ग्राम सैमरा में एक शादी समारोह गए थे।
बाह संवाददाता के अनुसार बटेश्वर तिराहे पर दो टेंपो आपस में टकरा गए। उनके बीच में फंसी छात्रा मंजू और रीना निवासी बटेश्वर और महंत सत्यप्रकाश दास घायल हो गए। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने टेंपो चालक राजन और सूरज निवासी शिकोहाबाद की पिटाई कर दी। बाद में बटेश्वर चौकी पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने टेंपो कब्जे में लेकर घायलों को सीएचसी बटेश्वर में भर्ती कराया। वहां से छात्राओं को आगरा रेफर कर दिया गया।