मैनपुरी। गोपीनाथ अड्डा स्थित एक दुकान के पास दो युवकों को पकड़ने के बाद लोगों ने खूब पीटा। दुकानदार ने उनपर चोरी का आरोप लगाया। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को थाने ले गई। दोनों का मेडिकल कराया गया। वहीं घायल युवक खुद को निर्दोष बता रहे हैं।
कोतवाली क्षेत्र के गोपीनाथ अड्डा पर बुधवार दोपहर दो युवक एक दुकान पर पहुंचे। वहां दुकानदार ने दोनों पर चोरी की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए मारपीट करना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई और दोनों युवकों की जमकर पिटाई की गई। इसमें दोनों युवक बुरी तरह से घायल हो गए। इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले गई।
वहां घायलों की चोटों का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं दुकानदार की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। मारपीट मेें घायल युवकों ने अपने नाम सूरज और इतवारी निवासी मानपुर कालोनी एटा बताया। उनका कहना था कि वह फूल बेचने का काम करते हैं। उन्हें बेवजह पीटा गया है। समाचार लिखे जाने तक दोनों थाने में ही मौजूद थे।