मैनपुरी। थाना औंछा क्षेत्र के गांव ईसई गोपालपुर निवासी युवक से वाहन की किश्त जमा कराने के नाम पर शातिरों ने 1.50 लाख रुपये ठग लिए। कई दिनों तक जब किश्त जमा नहीं हुई तो पीड़ित को ठगी की जानकारी हुई। थाना कोतवाली में तहरीर दी है।
गांव ईसई गोपालपुर निवासी राहुल कुमार ने 87000 रुपये नकद जमा करके एक पिकअप किश्तों पर ली थी। उसने लगातार 16 किश्तें चलाई जिसके बाद वह बीमार पड़ गया और आगे की किश्तें नहीं चला सका। 16 जून को जब वह पिकअप लेकर करीमगंज से कुरावली जा रहा था तो कुछ लोगों ने गाड़ी रोक ली और किश्त न चलाने का कारण पूछते हुए 10 हजार रुपये मांगे। राहुल ने 2500 रुपये देकर आगे की किश्त चलाने की बात कही जिसके बाद वह लोग चले गए। 15 जुलाई को राहुल को फोन आया कि एक नई स्कीम के तहत मात्र 1.50 लाख रुपये जमा कर गाड़ी की सभी किश्तें माफ हो जाएंगी और गाड़ी उसकी हो जाएगी। रुपये लेकर उसे भांवत चौराहा पर बुलाया गया और सफेद गाड़ी में बैठे लोग उसे साथ ले गए।
करहल चौराहा पर रुपये लेने के बाद उसे वहां उतार दिया। कुछ दिनों तक राहुल किश्त जमा होने का इंतजार करता रहा मगर जब काफी दिनों तक रुपये जमा नहीं हुए तो उसे ठगी की जानकारी हुई। बुधवार को पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।