मैनपुरी। बदायूं में अपने अपहरण के मामले में विपक्षियों को फंसाने के बाद आरोपी मैनपुरी में राम राम जप रहा था। साधु का भेष धरकर गांव गणेशपुर में लोगों से ठगी का रहा था। रविवार को कोतवाली पुलिस ने उसे गांव गणेशपुर के पास पकड़ लिया। बदायूं पुलिस आरोपी को साथ ले गई। जनपद बदायूं निवासी लवलेश उर्फ विनय कुमार का कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। कुछ माह पूर्व वह सुनियोजित षड़यंत्र के तहत कहीं गायब हो गया।
इसके बाद परिजनों ने विपक्षियों के विरुद्ध अपहरण किए जाने का मामला दर्ज करा दिया। इसके बाद बदायूं पुलिस ने विपक्षियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस बीच बदायूं पुलिस को जानकारी हुई कि लवलेश यादव जनपद मैनपुरी में भेष बदल कर रह रहा है। रविवार को थाना कोतवाली पहुंची बदायूं पुलिस ने कोतवाली पुलिस से मदद मांगी।
इंस्पेक्टर कोतवाली जसवीर सिंह सिरोही ने मुखबिरों का जाल बिछाया और कुछ ही देर में पता चल गया कि लवलेश साधु भेष में गांव गणेशपुर में लोगों से ठगी कर रहा है। बिना समय गवाए कोतवाली और बदायूं पुलिस ने गांव गणेशपुर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपहरण का नाटक रचने व विपक्षियों को फंसाने की बात स्वीकार की। कोतवाली में आवश्यक लिखापढ़ी करने के बाद बदायूं पुलिस लवलेश को साथ ले गई।