मैनपुरी। निकाय चुनाव की तिथि घोषित होने के साथ ही पुलिस की कवायद भी शुरू हो गई है। पुलिस ने पूर्व में चुनाव में बाधा पहुंचाने वालों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है। थानों से ऐसे लोगों की सूची मांगी गई है। सूची मिलने के बाद पुलिस ऐसे लोगों को पाबंद करेगी।
निकाय चुनाव की तिथि घोषित हो चुकी है। 26 नवंबर को जनपद में निकाय चुनाव होने हैं। तैयारियों को लेकर जहां पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में जुट गई है। वहीं पूर्व में हुए चुनावों में बाधा पहुंचाने वालों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सभी थानों से अराजक तत्वों व पूर्व के चुनाव में पाबंद किए गए लोगों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया है।
सूची उपलब्ध होने के साथ क्षेत्रवार ऐसे लोगों को चुनाव से पूर्व पाबंद किया जाएगा। ताकि निकाय चुनाव के दौरान किसी भी तरह की असुविधा व कानून व्यवस्था खड़ी न हो सके। बता दें कि पुलिस इस दौरान पाबंद किए गए लोगों से पाबंदी के मुचलके भरवाने के बाद हिदायत देकर छोड़ देती है।
पुलिस जल्द ही ऐसे लोगों को नोटिस भेज कर अवगत कराएगी। अधिकारियों द्वारा आदेश मिलने के बाद सभी थानाध्यक्षों ने थाने के पुराने रिकार्ड खंगालना शुरू कर दिया है। चुनाव सेल भी तेजी के साथ काम में जुट गया है। चुनाव में सुरक्षा को लेकर पुलिस अराजक तत्वों व अपराधियों के विरुद्ध मिनी गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी करती है।