मैनपुरी। भाजपा नेता और पूर्व ब्लाक प्रमुख पर रविवार की रात जानलेवा हमला हुआ। शादी समारोह में उन पर हमलावरों ने फायर किया। भागकर उन्होंने अपनी जान बचाई। हमलावरों ने उनके चालक की पिटाई और गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के अवध नगर निवासी भाजपा नेता और किशनी के पूर्व ब्लाक प्रमुख राहुल उर्फ आशीष राठौर रविवार रात को कुरावली रोड स्थित एक मैरिज होम में दावत समारोह में शामिल होने गए थे। जब वह मैरिज होम में अंदर थे। तभी वहां पहुंचे कुछ लोगों ने उनके चालक को पीटना शुरू कर दिया। जानकारी पर जब उन्होंने बाहर आकर विरोध किया तो हमलावर उनसे ही उलझ गए।
गाड़ी पर लगा पार्टी का झंडा तोड़ने के साथ तोेड़फोड़ शुरू कर दी। हमलावरों के पास असलाह देख जब घटनास्थल से भागने लगे तो पीछे से फायर झोंक दिए। हमले में वह बाल बाल बच गए। किसी तरह वह जान बचाकर वहां से निकल सके। सोमवार को उन्होंने एसपी राजेश एस को घटना के बारे में जानकारी दी।
एसपी के आदेश पर सोमवार रात को पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर कोतवाली का कहना है कि हमलावरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही भाजपा नेता पर हमला करने वालों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।