करहल (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र में घिरोर जाने वाले मार्ग पर मंगलवार को बाइक सवार बदमाशों ने गांव गढ़िया निवासी भाई-बहन से तमंचा दिखाकर नकदी और जेवर लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तलाश किया, मगर कोई पता नहीं लग सका। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है।
गांव गढ़िया निवासी भूरे मंगलवार को बहन संगीता यादव को ससुराल से घर लेकर आ रहा था। जब वह घिरोर मार्ग पर नगला दानी के समीप पहुंचा। तभी पीछे से आ रही बाइक पर सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। जब संगीता ने चीखने की कोशिश की तो तमंचा दिखाकर चुप करा दिया।
बदमाशों ने महिला के जेवर और उनके पास रखी नकदी लूटकर भाग निकले। भूरे ने बदमाशों के जाने के बाद फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे यूपी 100 के कर्मियों ने कांबिंग कर बदमाशों की तलाश की। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।