नगर की बाईपास रोड स्थित भुसौरिया गांव के पास मुन्नूगंज निवासी एक युवक का शव संदिग्धावस्था में देर शाम पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे परिवार वालों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
नगर के मोहल्ला मुन्नूगंज वार्ड नं 19 निवासी मोहम्मद हामिद उर्फ बैठू के 25 वर्षीय पुत्र शकील अहमद का शव देर शाम भुसौरिया गांव के पास खाली पड़े प्लाट में पड़ा देखा गया। लोगों ने शव पड़े होने की सूचना परिवार वालों को दी। सूचना पर मृतक के परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। मृतक के भाई अकील और मोहम्मद शाहिद ने बताया कि वह लोग सब्जी बेचने का काम करते हैं। शकील भी उनका हाथ बंटाता था। रोज की भांति सुबह आठ बजे शकील घर से निकला था। मृतक के परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि उन्होंने किसी से दुश्मनी होने से इनकार किया है। सूचना पर पहुंचे कोतवाल मधुकांत मिश्र, एसएसआई रामसरन पांडे, चौकी इंचार्ज कमलेश ने परिवार वालों से जानकारी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।