मथुरा। आगरा-दिल्ली हाईवे पर एक व्यापारी को चुनाव में चेकिंग का डर दिखाकर कार सवार बदमाशों ने 70 हजार रुपये लूट लिए। बदमाशों ने व्यापारी और उनके दो भाइयों को गोवर्धन चौराहे पर कार में लिफ्ट दी थी। बदमाशों ने व्यापारी को पैसा सुरक्षित रखने की बात कहकर रुपये से भरा लिफाफा ले लिया फिर टाउनशिप तिराहे पर व्यापारियों को उतारा और कागज के टुकड़ों से भरा लिफाफा पकड़ाकर फरार हो गए।
औरैया निवासी इरशाद पेशे से झाड़ू के व्यापारी हैं। दो दिन पहले वह अपने दो भाइयों के साथ मथुरा में झाडू सप्लाई करने के बाद बुधवार को औरैया लौट रहे थे। कृष्णानगर के गोवर्धन चौराहे से तीनों भाई एक कार में सवार हो गए।
कार सवारों ने व्यापारियों के पास पैसा होने की बात मालूम पड़ते ही आगे लोकसभा चुनाव के चलते हो रही पुलिस चेकिंग में उनका पैसा जब्त होने की बात बताकर उन्हें डरा दिया। इस पर व्यापारियों ने पैसा एक लिफाफे में डालकर सुरक्षित रखवा दिया।
टाउनशिप तिराहे पर गैंग ने नाश्ता करने के लिए तीनों भाइयों को कार से उतार दिया। फिर चालाकी से लिफाफा बदलकर व्यापारी को पकड़ा दिया। इसके बाद कार सवार आगरा की तरफ भाग खड़े हुए। व्यापारियों ने लिफाफा खोलकर देखा तो उसमें कागज के टुकड़े देखकर दंग रह गए। उन्होंने रिफाइनरी पुलिस को सूचित किया।
प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह का कहना है कि ऐसा कोई भी मामला संज्ञान में नहीं आया। अगर कोई पीड़ित आता तो मुकदमा दर्ज किया जाता। लोगों का कहना है कि पुलिस इस वारदात को ही दबाने में जुट गई है। इतना ही नहीं आला अधिकारियों को भी घटना की जानकारी नहीं दी गई है।