फिरोजाबाद (टूंडला)। सब्जी मंडी के पास रविवार दोपहर तेज धमाके के साथ गैस वेल्डिंग सिलेंडर फट गया। इसकी चपेट में आकर एक बच्चे सहित तीन लोग घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
नगर के स्टेशन रोड पर रोशनलाल निडर के मार्केट में गैस वेल्डिंग की दुकान है। इसे विष्णु और छोटू पुत्र रघुवीर सिंह रग्गी निवासी नगला राधेलाल चलाते हैं। रविवार दोपहर साढ़े तीन बजे के आसपास टूंडली निवासी ममता जैन पत्नी महावीर जैन अपने दो पुत्र शिवम और बरुण के साथ अपनी चारपाई पर वेल्डिंग कराने के लिए आई थीं। विष्णु और छोटू चूने से बनाई जाने वाली गैस के लिए सिलेंडर को हिलाते हुए चूना डालकर हटे ही थे कि तभी अचानक सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया।
सिलेंडर फटने के कारण पत्थर से बनी दुकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई। सिलेंडर का एक टुकड़ा पास ही खड़े ममता के पुत्र शिवम़ 11 के सिर में लगा तथा ड्रम के चूने का गर्म पानी उसके ऊपर आ गिरा। इससे शिवम का सिर फट गया और वह झुलस गया। इसके साथ ही चूने का गर्म पानी गिरने से दोनों वेल्डर भी झुलस गए। धमाके की आवाज सुन वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इसी बीच दोनों वेल्डर भाई वहां से भाग गए। आनन फानन शिवम को डॉक्टर के पास ले जाया गया। जहां से उसे एफएच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। गनीमत रही कि घटना के दौरान ममता और बड़ा बेटा वरुण (15) दुकान के बाहर नई चारपाई देख रहे थे।
तेज धमाके से फैली दहशत
स्टेशन रोड स्थित दुकान में गैस वेल्डिंग सिलेंडर फटने का धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों के खिड़की दरवाजे तक हिल गए। यही नहीं लोग दहशत के चलते घरों, दुकानों से बाहर निकल आए। भयभीत लोगों का कहना था कि धमाका ऐसा था मानो पास में कोई बम फटा हो।