मैनपुरी। पुलिस की मनमानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। थाना बेवर क्षेत्र में दबंगों ने एक महिला से मारपीट कर उसकी साड़ी उतार कर फेंक दी। अश्लील हरकतें करते हुए गांव में निर्वस्त्र कर घुमाने की धमकी भी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामूली मारपीट का मामला दिखा एनसीआर दर्ज कर ली। पीड़िता ने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
थाना बेवर क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के खेत पर गांव बहोरी निवासी भू-माफिया कब्जा करना चाहता है। छह अप्रैल को दबंग अपने पुत्र व अन्य सहयोगी के साथ जमीन पर कब्जा करने के लिए पहुंच गया। महिला ने जब इसका विरोध किया तो उसे जातिसूचक गालियां देने के साथ ही जमीन पर गिरा लिया। आरोप है कि मारपीट करते हुए महिला के कपड़े फाड़ने की कोशिश की गई। उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए साड़ी उतारकर फेंक दी। आरोप है कि उन्होंने गांव में निर्वस्त्र कर घुमाने की भी धमकी दी।
इस बीच सूचना मिलने के बाद यूपी 100 के पुलिसकर्मी वहां पहुंच गए। इनके आने के बाद आरोपी वहां से चले गए। पुलिस पीड़िता को लेकर थाने पहुंची, साथ ही पूरी घटना को सिलसिलेवार बताया, लेकिन पुलिस ने नामजद आरोपियों के विरुद्ध मामूली मारपीट की बात कहते हुए एनसीआर दर्ज की। अभी तक किसी भी आरोपी के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई। दबंग अब पीड़िता को धमकी दे रहे हैं। पीड़िता ने एसपी राजेश एस को प्रार्थना-पत्र देकर आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने व किसी अन्य थाने से मामले की जांच कराने की भी मांग की है।