फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर के ग्राम मोढ़ा के किसान के बैंक एकाउंट से एक ही रात में 1.47 लाख रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने शाखा प्रबंधक से शिकायत की, तो कोई ध्यान नहीं दिया। अब पीड़ित ने पुलिस विभाग के साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
मोढ़ा निवासी किसान शीलेष शर्मा पुत्र रामप्रकाश शर्मा का एसबीआई की दबरई शाखा में खाता है। किसान ने थोड़ा-थोड़ा कर करीब एक लाख, 50 हजार रुपये जमा कराए। इस राशि से वह मकान बनवाने की तैयारी कर रहे थे, परंतु 26 जुलाई की रात 12 बजे से सुबह चार बजे तक एक लाख 46 हजार रुपये दिल्ली के किसी हैंकर ने एकाउंट से पार कर दिए।
पीड़ित के खाते से एक दिन में रकम गायब होने का मैसेज देखा तो होश उड़ गए। उसका कहना है कि दिल्ली में बैठे किसी भूपेंद्र नामक युवक ने राशि निकाली है। पीड़ित ने अगले दिन दबरई बैंक शाखा में जाकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित का आरोप है कि बैंक प्रबंधक ने कोई ध्यान नहीं दिया। पीड़ित ने गुरुवार को एसएसपी कार्यालय में साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।