नोट- अलीगढ़, ग्रेटर नोएडा के ध्यानार्थ।
मिनी बस की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे समेत तीन की मौत
मथुरा-गोवर्धन के जचौंदा बिजलीघर के पास हुआ दर्दनाक हादसा
भांजे की दवाई दिलाकर बहन-भांजों के साथ लौट रहा था भाई
अमर उजाला ब्यूरो
मथुरा। मथुरा-गोवर्धन के जचौंदा बिजलीघर के पास सोमवार को मिनी बस की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे समेत तीन की मौत हो गई। हादसे में एक बालक घायल हो गया। बाइक सवार परिवार भरतपुर के नगर से बच्चे को दवा दिलाकर लौट रहा था। सूचना पर पहुंची गोवर्धन पुलिस ने घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मिनी बस को पकड़ लिया है।
अलीगढ़ के गोंडा (हसनगढ़) निवासी राकेश (26) पुत्र बनवारी अपने भांजे जयंत (7) पुत्र अजय निवासी जेवर (ग्रेटर नोएडा) को भरतपुर के नगर में वैद्य को दिखाकर लौट रहे थे। साथ में राकेश की बहन शशि (25) पत्नी अजय और छोटा भांजा देव (4) अजय भी था। मथुरा-गोवर्धन मार्ग पर जचौंदा बिजलीघर के पास सामने से आ रही मिनी बस से टक्कर हो गई। मौके पर मामा और भांजे की मौत हो गई, जबकि मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक मिनी बस को छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मां-बेटे को नयति अस्पताल में भर्ती कराया। यहां मां ने दम तोड़ दिया, जबकि बेटे जयंत की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मिनी बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
तीन मौतों से छा गया मातम
मथुरा। सड़क हादसे में तीन की मौत से दो परिवारों में कोहराम मच गया। रो-रोकर परिवारीजनों का हाल बुरा था, वहीं पत्नी और एक बेटे की मौत से अजय का सब कुछ उजड़ गया। नोएडा में प्राइवेट नौकरी करने वाले अजय बार-बार बेहोश हो रहे थे।