छठी कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म का मामला
--------------------------
गैंगस्टर राकेश बंजारा के बेटे ने किया था दुष्कर्म, गिरफ्तार
-बिलासपुर अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-82 स्थित एक नामी सोसायटी में छठी कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म गैंगस्टर राकेश बंजारा के बेटे ने किया था। इस मामले में अपराध शाखा बिलासपुर ने उसे रविवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए काठमांडू भी गया था। राकेश बंजारा 90 के दशक का कुख्यात बदमाश है, जिस पर दर्जनों मामले दर्ज हैं।
राकेश बंजारा काठमांडू में ही रह रहा है और बेटा पीयूष दुष्कर्म करने के बाद पिता के पास चला गया था। 29 अगस्त को सेक्टर-82 स्थित सोसायटी में रहने वाली महिला ने मानेसर महिला थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि इसी सोसायटी में रहने वाले पीयूष ने उनकी बेटी ( 11) के साथ उस वक्त दुष्कर्म किया जब वह सोसायटी बेसमेंट में खेल रही थी। वारदात को अंजाम देने के बाद से वह फरार था।
आरोपी की मां उसे लगातार बचाने का प्रयास कर रही थी, जिस पर पुलिस ने उसको भी गिरफ्तार कर लिया था, जो जेल में है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बिलासपुर अपराध शाखा को लगाया गया था। अपराध शाखा को सूचना मिली थी कि पीयूष रविवार शाम को सेक्टर-14 में किसी से मिलने आएगा। इस पर टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।