मैनपुरी-घिरोर। ट्रक लूटने की कोशिश करने वाले ईको कार सवारों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। कार सवारों ने सोमवार रात ट्रक लूटने की कोशिश की थी, लेकिन कार पलट जाने के कारण ट्रक लुटने से बच गया। पुलिस ने चारों को जेल भेज दिया है। थाना घिरोर में मंगलवार को ट्रक चालक चंदन दुबे ने तहरीर दी थी। इसमें कहा था कि वह सोमवार की रात को करीब एक बजे ट्रक को लेकर गुड़गांव जा रहा था।
कस्बा घिरोर में ईको सवार बदमाशों ने गाड़ी को दौड़ाकर ट्रक को लूटने व रोकने का प्रयास किया था। इस मामले में थाना घिरोर पुलिस ने मंगलवार की रात को मुखबिर की सूचना पर नाहिली तिराहे से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सुरजीत पुत्र फेरु सिंह निवासी नगला गढ़ा, चिंतामणि पुत्र यादराम निवासी दरवाह थाना दन्नाहार, राजकुमार पुत्र शंकर पूरी निवासी नाहिली, विनोद कुमार पुत्र ओमप्रकाश निवासी नगरिया थाना छतारी जिला बुलंदशहर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पकड़े गए सुरजीत, चिंतामणि व विनोद कुमार ने बताया कि वह विद्युत उपकेंद्र घिरोर पर ठेका कर्मचारी हैं। वह रात्रि को थाना घिरोर की बिजली संभालकर बिजलीघर जा रहे थे कि रास्ते में राजकुमार अपनी ईको गाड़ी से मिला। हम लोगों ने निवेदन किया कि बिजली घर छोड़ दो। राजकुमार ने गाड़ी में बिठा लिया। राजकुमार नशे की हालत में था। उसने गाड़ी को बिजलीघर की ओर न ले जाकर उल्टी दिशा में मोड़ दिया और ट्रक का पीछा किया।