मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला में सोमवार की दोपहर नोएडा से आए तीन युवक युवती को लेकर चले गए। घर में रखी नकदी और आभूषण भी ले जाने का आरोप है। पीड़िता पिता ने अगवा करने की तहरीर थाने में दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति सोमवार की सुबह किसी काम से बाहर गया हुआ था। घर में पत्नी और 19 वर्षीय पुत्री ही थी। आरोप है कि दोपहर करीब 1.30 बजे घर अमन सिंह निवासी हल्द्वानी मोड़ ग्रेटर नोएडा अपने साथी सोनू और एक अन्य युवक के साथ घर आ गए।
कुछ देर घर में रुकने के बाद ये युवक उसकी बेटी को लेकर चले गए। युवक घर में रखा 45 हजार रुपये और गहने भी ले गए। बेटी को ले जाने की घटना से परिवारीजन परेशान हैं।
सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन पता नहीं चला। पीड़ित ने मंगलवार को थाने में युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। इंस्पेक्टर कोतवाली का कहना है कि तहरीर मिली है। पुलिस युवकों का पता चलाने का प्रयास कर रही है।