करहल (मैनपुरी)। इटावा से आकर कसबा के श्रीराम मार्केट में प्रेक्टिस करने आए होम्योपैथिक चिकित्सक लापता हो गए। सुबह से परिवारीजनों ने तलाश की लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। सूत्रों की मानें तो देर शाम उनकी पत्नी पर एक फोन आया इसमें उनसे 60 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई है।
सूचना के बाद मैनपुरी और इटावा पुलिस में हड़कंप मच गया। वहीं इस संबंध में इंस्पेक्टर करहल का कहना है कि डाक्टर के लापता होने की जानकारी मिली है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वह करहल आए भी हैं या नहीं। इसकी जांच की जा रही है।
इटावा शहर के मोहल्ला विजय नगर निवासी होम्योपैथिक चिकित्सक डॉक्टर ज्ञान प्रकाश पांडे कसबा करहल में क्लीनिक चलाते हैं। उक्त क्लीनिक भाजपा नेता रमाकांत दुबे के मकान में है। वह प्रतिदिन इटावा से करहल आकर प्रेक्टिस करते हैं। परिवारीजनों के अनुसार गुरुवार को भी डॉक्टर ज्ञानप्रकाश पांडेय करहल स्थित क्लीनिक के लिए रवाना हुए।
वहीं करहल निवासी लोगों का कहना है कि डाक्टर सुबह 10 बजे तक अपने क्लीनिक पर नहीं पहुंचे। इस पर एक मरीज ने उनके मोबाइल नंबर पर उनकी जानकारी करने की कोशिश की तो पता चला कि डॉक्टर का नंबर उनके घर पर ही छूट गया है। उनकी पत्नी ने फोन उठाकर बताया कि डॉक्टर साहब तो सुबह नौ बजे ही क्लीनिक के लिए चले गए हैं।
इसके बाद पूर्वाह्न 12 बजे तक जब क्लीनिक पर खड़े मरीजों के फोन आए तो परिवारीजनों ंको चिंता हुई। इसके बाद उनकी तलाश शुरू कर दी गई । लेकिन कोई पता नहीं चला। पत्नी की ओर से इटावा पुलिस को मामले की तहरीर दी गई है। वहीं शाम तक अब तक यह पता नहीं चला है इटावा से करहल आते समय डॉक्टर कहां से गायब हुए ।
बताया जा रहा है डॉक्टर के मोबाइल नंबर पर किसी ने उनके अगवा होने की जानकारी दी है और डॉक्टर को रिहा करने के बदले 60 लाख रुपये की फिरौती मांगी है। वहीं इस संबंध में इंस्पेक्टर करहल का कहना है कि चिकित्सक के लापता होने की जानकारी मिली है लेकिन वह कहां से लापता हुआ है इसकी जांच की जा रही है। परिवराजीनो की ओर से कोई भी सूचना अभी तक नहीं दी गई है।