कुरावली (मैनपुरी)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार की शाम उपचार के दौरान किशोरी की मौत के मामले में पुलिस ने चिकित्सक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पीड़ित परिवारीजनों ने चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगने का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा था। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने शव परिवारीजनों को सौंप दिया।
थाना क्षेत्र के गांव डंगऊ नागरिया निवासी महावीर सिंह की पुत्री कीर्ति (15) को तीन दिन से बुखार आ रहा था। सोमवार की शाम परिवारीजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया था। किशोरी के साथ उसके चाचा और चाची थी।
बताया कि अस्पताल में मौजूद डॉ जयप्रकाश वर्मा ने ड्रिप चढ़ाने के बाद करीब सात बजे इंजेक्शन लगाया। इसके बाद किशोरी की तबियत अचानक ज्यादा बिगड़ी और देखते ही देखते उसकी सांसें थम गईं। मौत के बाद डॉक्टर वहां से चले।
मौत पर परिवारीजनों ने अस्पताल में हंगामा भी किया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।