जमीन के विवाद को लेकर कार सवार दंपति पर मंगलवार की शाम जेल रोड क्रासिंग पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। कार का शीशा बंद देख हमलावरों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। आसपास के लोगों के दौड़ने पर उसकी जान बची। दंपति ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
नगर कोतवाली के महुआर निवासी राजीव तिवारी मंगलवार की शाम अपनी पत्नी प्रतिभा तिवारी के साथ कार से कोतवाली आ रहे थे। जेल रोड क्रासिंग बंद होने के कारण वे रुक गए। तभी कादीपुर के रहने वाले कुछ लोग आ गए और कार का जबरन शीशा खुलवाने लगे। कार से बाहर न निकलने पर हमलावरों ने उसकी कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। तभी क्रासिंग खुल गई और वे जान बचाकर वहां से भाग निकले। राजीव का आरोप है कि हमलावर कादीपुर के रहने वाले हैं। उन लोगों ने उसकी भंगवा की जमीन का एक साल पूर्व एग्रीमेंट करा लिया है। अब वे बैनामे के लिए धमका रहे हैं। करोड़ों रुपये की संपत्ति का जबरन बैनामा कराना चाहते हैं। सुबह घर जाकर धमकाया था। जिसकी शिकायत करने के लिए वे लोग कोतवाली आ रहे थे। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है मामले की छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।