मैनपुरी। करहल क्षेत्र में बिजली चोरों को पकड़ने गई विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों के तेवर देख मौके से भागे टीम के सदस्यों ने शाम को करहल थाने में पहुंचकर तहरीर दी है। हालांकि विभाग के लोग घटना से इनकार कर रहे हैं। पुलिस ने तहरीर में आरोपी बनाए गए लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गुरुवार की शाम करहल क्षेत्र के एसडीओ राजेश कुमार वर्मा, जेई त्रिलोकी सिंह, नारायण, रजनीश पाल की टीम विद्युत चेकिंग अभियान के तहत करहल कस्बा के किशनी चौराहा पर पहुंची। चौराहा पर नन्नू पुत्र वीरेंद्र बिना कनेक्शन के बिजली का प्रयोग करते हुए मिले। टीम के मांगने पर वह कोई अभिलेख नहीं दिखा सका। लोगों की भीड़ जमा होने के कारण टीम केबल नहीं काट सकी। बाद में टीम ने जितेंद्र कुमार की मिठाई की दुकान को चेक किया। उसके यहां भी बिना कनेक्शन बिजली का प्रयोग होते मिला।
धर्मेंद्र की दुकान पर बिजली चोरी मिली। राजकीय कन्या इंटर कालेज के निकट विशेश्वर सिंह के मकान में चोरी से बिजली जलती पाई गई। इलाहाबाद बैंक के निकट रवींद्र सिंह के मकान में चोरी से बिजली का प्रयोग होते मिला। इटावा रोड पर अस्पताल के निकट सुरेंद्र पाल सिंह यादव, बाईपास इटावा रोड पर सियाराम के मकान में बिजली चोरी पाई गई। बाईपास रोड पर पवनीश यादव के मकान में बिजली चोरी पकड़ी गई। घिरोर चौराहा के निकट सतीश चंद्र के मकान में भी चोरी से बिजली जलाना तथा बेल्डिंग का कारखाना चलता मिला। टीम का रुख देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
भीड़ जमा होने के कारण बिजली विभाग की टीम केबलें नहीं काट सकी। इसके बाद भी लगातार छापे से गुस्साए लोगों ने टीम में शामिल लोगों पर हमला बोल दिया। टीम के सदस्य किसी प्रकार जान बचाकर वहां से भागे। बाद में शाम को टीम के सदस्यों ने करहल थाने में पहुंचकर बिजली चोरी करने वाले सभी लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करा दी। हालांकि विभाग के अधिकारी ऐसी किसी भी बात से इनकार कर रहे हैं। इंस्पेक्टर करहल का कहना है कि विभाग के अधिकारियों ने तहरीर दी थी संबंधितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।