दन्नाहार (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और उपद्रवियों के बीच हुए संघर्ष के बाद पुलिस बलवाइयों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। बुधवार रात को गांव चिकनी में दबिश के दौरान दो घरों में तोड़फोड़ की। वहीं कुछ लोगों ने घरों में लूटपाट करने का आरोप पुलिस पर लगाया है। गुरुवार को पुलिस ने पांच गिरफ्तार उपद्रवियों को चालान कर जेल भेजा है। बता दें कि उक्त घटनाक्रम के बाद 10 नामजद व 150 अज्ञात के विरुद्ध पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
बुझिया पुल से एक अज्ञात शव मिलने के बाद थाना क्षेत्र के गांव नगला आशा निवासी लापता गुड्डू के परिवारीजनों ने शव पर दावा किया था। शव जब पोस्टमार्टम के लिए लाया गया तो चिकित्सकों ने शव के अंग गायब होने व पहले से पोस्टमार्टम होने की बात कही थी। जिसके बाद गुस्साए लोगों ने मंगलवार शाम को दन्नाहार क्षेत्र में जमकर उत्पात किया था। थाने में पथराव फायरिंग कर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई थी।
कई वाहनों में तोड़फोड़ के साथ ही कई यात्री और पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। पुलिस, उपद्रवियों के बीच हुए इस संघर्ष के बाद पुलिस को भी आंसू गैस व फायरिंग का सहारा लेकर बलवाइयों को खदेड़ना पड़ा था। घटना के बाद पुलिस ने 10 नामजद और 150 अज्ञात के विरुद्ध अभियोग दर्ज किया था। वहीं दो रोडवेज बस चालकों की ओर से भी रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस घटना के बाद से ही लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। बुधवार रात को पुलिस ने गांव चिकनी निवासी श्यामबहादुर और राम बहादुर के घरों में दबिश दी। वहां घर पर महिलाओं के अलावा कोई भी पुरुष नहीं मिला।
पुलिस ने दबिश के दौरान घर के बाहर पड़ा टीन शेड व अन्य सामान में तोड़फोड़ की। गांव सीतापुर में दबिश देकर अरविंद, शैलेंद्र, मनोज और प्रमोद कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं गांव पुखरा निवासी पुष्पेंद्र को भी पकड़ लिया। गांव चिकनी निवासी श्यामबहादुर का कहना है कि पुलिस ने दबिश के नाम पर उसके घर में घुसकर तोड़फोड़ के साथ ही लूटपाट भी की। गुरुवार को पांचों बलवाइयों को जेल भेजा गया है। वहीं अन्य बलवाइयों की तलाश में दबिश जारी है।
बाजार व स्कूल में पसरा सन्नाटा
थाना क्षेत्र में हुए बवाल के बाद गांव नगला आशा में सन्नाटा पसरा हुआ है। जगह जगह पुलिस-पीएसी तैनात की गई है। इन सबके बीच कसबा का बाजार तो खुल रहा है मगर रौनक गायब हो चुकी है। गिने चुने लोग ही खरीददारी करने के लिए आ रहे हैं। जिनमें से अधिक महिलाएं व युवतियां हैं।
अधिकतर पुरुष या तो घरों में दुबके हुए हैं या गांव से जा चुके हैं। दूसरी ओर गुरुवार को पुलिस-पीएसी की मौजूदगी के बीच नौनेर के जनता इंटर कालेज में छात्रों की संख्या काफी कम रही। नगला आशा सहित आसपास के गांव से पुरुष घरों से गायब हो चुके हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि पुलिस-पीएसी किसी भी तरह की स्थिति पर नियंत्रण के लिए तैनात की गई है। पुलिस सिर्फ बलवाइयों की धरपकड़ कर रही है। आम जनता को परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। पुलिस किसी को अनावश्यक परेशान नहीं कर रही है। जनता पुलिस का सहयोग करे और और निर्भीक होकर अपने सभी कार्य करें पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए है।