आगरा के कस्बा बरहन के एक युवक की शाहगंज क्षेत्र में ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। वह ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त की बरहन शाखा में पहले संविदा कर्मी था, जिसे कुछ माह पहले प्रबंधक ने हटा दिया था। परिजनों का आरोप है कि इससे वह मानसिकरूप से परेशान था। इसी से यह हादसा हुआ है। घरवालों ने बैंक प्रबंधक के खिलाफ थाना बरहन में तहरीर भी दी है।
मृतक अमित कुमार गौतम (27) पुत्र स्व. मंगलेश गौतम है। उसके चाचा महेश चंद्र गौतम पुत्र कपूर चंद्र गौतम निवासी बरहन के मुताबिक अमित ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त की बरहन शाखा में 31 मार्च 13 से संविदा पर कार्यरत था। आरोप है कि नए मैनेजर सर्वजीत कुमार ने चार्ज लेते ही बिना कोई कारण बताए 31 मई 18 को उसे संविदा हटा दिया। उसे 40 दिन का वेतन भी भुगतना नहीं किया गया। नौकरी से हटा देने के कारण वह कई माह से आर्थिक तंगी से परेशान था। इसी अवसाद के कारण कई दिनों से घर से गायब था। जिसका शव आगरा के थाना शहगंज स्थित राधा बल्लभ इंटर कालेज के समीप रेलवे लाइन पर सोमवार की शाम मिला। मृतक के चाचा द्वारा दी गई तहरीर पर बरहन पुलिस जांच में जुट गई है।