क्षेत्र के ग्राम नगला सूरजभान में एक ही विद्यालय में पढ़ने वाली दो छात्राओं में एक की घर में जलाकर हत्या कर दी गई। जबकि दूसरी लापता है। जिस छात्रा के घर में घटना हुई उसके परिवारीजनों ने छात्रा को अपनी बेटी बताकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। जबकि दूसरी छात्रा के परिवारीजनों ने मृत छात्रा को अपनी बेटी बताकर दूसरी के परिवारीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के लिए एक युवक को हिरासत में लिया है।
ग्राम नगला सूरजभान निवासी सुरेंद्र सिंह की पुत्री लाड़ो (20) नत्थीलाल इंटर कालेज में इंटरमीडिएट की छात्रा है। गांव के ही मनोज सिंह की पुत्री पिंकी (12) भी इसी स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा है। मंगलवार को दोनों गांव के पास लगे कैला देवी का मेला देखने गई थीं। मेले से लौटकर दोनों अपने-अपने घर चली गईं। लेकिन कुछ देर बाद पिंकी घर से सामान लेने निकली और लाड़ो के घर चली गई। कुछ देर में शोर मचा कि सुरेंद्र के परिवार के बीमार छेदीलाल ने घर में आग लगा ली। लेकिन वह मेले में मिल गया। वहीं, कुछ ग्रामीणों ने मकान में जाकर देखा तो वहां किसी का शव जल रहा था। तलाशने पर दोनों छात्राएं गायब मिलीं। लाड़ो के परिवारीजनों ने छात्रा को अपनी बेटी मानकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, पिंकी के पिता मनोज ने मृत छात्रा को अपनी बेटी बताकर लाड़ो के परिवारीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। थानाध्यक्ष विजय कुमार सिंह का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी है। मामले की जांच की जा रही है।