मैनपुरी। थाना औंछा क्षेत्र निवासी पीड़ित परिजनों पर अब पुलिस का कहर टूट रहा है। पीड़िता के साथ दुष्कर्म की कोशिश के मामले में रिपोर्ट न करने के बाद आरोपियों ने तेजाब फेंकने की धमकी दी। इसके बाद परिवार गांव से पलायन कर गया। अब पुलिस पीड़ित परिजनों का सहयोग कर रहे लोगों को धमका रही है।
थाना औंछा क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी के साथ नामजद आरोपियों ने 21 मार्च को दुष्कर्म की कोशिश की। आरोप है कि वह शिकायत लेकर जब थाने पहुंची तो विपक्षी से अच्छे संबंध रखने वाले दरोगा ने पीड़िता के भाई के विरुद्ध ही छेड़खानी का मामला दर्ज करा दिया। वहीं पीड़ित किशोरी की तहरीर भी गायब कर दी।
जब अधिकारियों से शिकायत की गई तो दरोगा ने उन्हें भी गुमराह कर दिया। सीओ को जांच मिली, लेकिन वह भी पीड़िता के घर जांच करने नहीं गए। इस बीच बीते मंगलवार को किशोरी के परिजनों को तेजाब फेंकने की धमकी दी गई। इसके चलते पीड़ित परिवार गांव से पलायन कर चुका है। आरोप है कि पुलिस अब खीझ निकालने के लिए पीड़ित पक्ष से संबंध रखने वालों को धमका रही है।
बुधवार को दरोगा ने तीन लोगों को धमकाते हुए मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दे डाली। पीड़ितों के मुताबिक दर्ज मामले में किशोरी की ताई और घर के बुजुर्ग को भी आरोपी बताकर परेशान किया जा रहा है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर सीओ से जांच कराई गई थी। जो तथ्य बताए गए हैं, वह जांच में संदिग्ध पाए गए हैं। पुलिस जांच कर रही है।