फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्राम विकास अधिकारी परीक्षा: इलेक्ट्रानिक डिवाइस से नकल करते दो अभ्यर्थी गिरफ्तार

Mon, 24 Dec 2018 02:19 PM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला आगरा
विज्ञापन
arrested - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आगरा के परीक्षा केंद्रों पर आयोजित ग्राम विकास अधिकारी की परीक्षा में रविवार को दो अभ्यर्थी इलेक्ट्रानिक डिवाइस से नकल करते हुए पकड़े गए। लोहामंडी स्थित फतेहचंद इंटर कालेज में अभ्यर्थी आईफोन लेकर आया था। वह केंद्र के टॉयलेट में छिपकर प्रश्नपत्र के फोटो खींचकर साल्वर के पास भेज रहा था। वहीं सिकंदरा में चिल्ड्रेन प्रोग्रेसिव इंटर कालेज में अभ्यर्थी कपड़ों में छिपाकर इलेक्ट्रानिक डिवाइस का प्रयोग कर रहा था। दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज कराए गए हैं।
विज्ञापन


तोता का ताल, लोहामंडी स्थित फतेहचंद इंटर कालेज में रविवार को ग्राम विकास अधिकारी की परीक्षा थी। सुबह की पाली में बागपत स्थित चांदीनगर थाना के रसूलपुर, सांकतपत्ती निवासी विश्वेंद्र डांगर परीक्षा देने आया था। वह प्रश्नपत्र लेने के बाद टायलेट में चला गया। इसके बाद काफी देर तक वापस नहीं आया। इस पर कक्ष निरीक्षक को शक हो गया। उन्होंने बाथरूम में जाकर चेक किया।

विश्वेंद्र एक मोबाइल से पेपर की फोटो खींचते हुए पकड़ लिया गया। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। लोहामंडी पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर थाना लोहामंडी राजेश कुमार पांडेय के अनुसार आरोपी विश्वेंद्र ने पूछताछ में बताया कि वह गांव के दोस्त अंकित और वर्षांत के संपर्क में था। उसने प्रश्नपत्र के फोटो खींचकर वर्षांत के मोबाइल पर व्हाट्स एप पर भेजे थे। मोबाइल अंकित का लेकर आया था। उत्तर भी मिलने लगे थे। उसके पास से एप्पल कंपनी का आईफोन, सिम, इलेक्ट्रानिक डिवाइस, ईयर फोन और हीयरिंग हेड बरामद किया गया है। प्रिंसिपल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
विज्ञापन


उधर, इंस्पेक्टर थाना सिकंदरा ने बताया कि नगला चुचाना, सिकंदरा में चिल्ड्रेन प्रोग्रेसिव इंटर कालेज में सुबह की पाली में अभ्यर्थी सचिन कुमार निवासी बसी खेकड़ा, बागपत आया था। उसकी परीक्षा कक्ष संख्या 13 में थी। वह सबसे आगे की सीट पर बैठा हुआ था। पेपर मिलने के बाद वह अलग हरकत करने लगा। इससे कक्ष निरीक्षक को शक हुआ। उससे पूछताछ की गई लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इस पर उसकी तलाशी ली गई। मगर, कुछ नहीं निकला। बाद में उसके कपड़े उतरवाए गए। उसने छाती पर प्लास्टिक की इलेक्ट्रानिक डिवाइस चिपका रखी थी। उसे चेक किया तो उसमें सिम और चिप लगी हुई थी। उसकी जैकेट में हेड फोन भी लगा हुआ था, जिससे आवाज आ रही थी। वह साल्वर के संपर्क में था।

पुलिस ने प्रिंसिपल दिलीप कुमार शर्मा की तहरीर पर 3/4 उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 1998 में मुकदमा दर्ज किया है। उसके साथियों की तलाश की जा रही है।

फाड़ दिया था प्रश्नपत्र का पहला पेज
फतेहचंद इंटर कालेज में पकड़े गए अभ्यर्थी विश्वेंद्र ने बड़ी चालाकी की। कक्ष निरीक्षक को शक न हो उसके लिए प्रश्नपत्र का पहला पेज फाड़कर टेबल पर रख दिया था। बाकी के पेज अपने साथ ही लेकर टायलेट में चला गया था। मगर, कक्ष निरीक्षक ने जब प्रश्नपत्र को उठाया तो बाकी के पेज न होने पर उसका पता चल गया। विश्वेंद्र परीक्षा केंद्र के अंदर आईफोन और अन्य उपकरण चेकिंग से छिपाकर ले गया था। इसके बाद टायलेट में उन्हें छिपा दिया था। प्रश्नपत्र मिलने के कुछ देर बाद ही वह टायलेट चला गया था।

31 सवालों के जवाब आए
फतेहचंद इंटर कालेज में पकड़े गए विश्वेंद्र ने बताया कि वह बीकॉम कर रहा है। उसने अपने दोस्त वर्षांत को प्रश्नपत्र की फोटो भेजी थीं। 31 सवालों के जवाब आ गए थे। बाकी के आने वाले थे। मगर, इससे पहले ही वह पकड़ लिया गया। उसके पास एक हीएरिंग हेड भी था। जरूरत पड़ने पर उसे कान में लगाकर काल को रिसीव भी कर सकता था। एक डिवाइस और मिली है, जिसके बारे में पुलिस पड़ताल कर रही है। अंकित और वर्षांत की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें