मैनपुरी।गांव खरपरी स्थित ससुराल से एक विवाहिता रहस्मय ढंग से गायब हो गई। हरदोई निवासी मायके वालों ने जानकारी ली तो ससुरालीजन संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। विवाहिता के परिजनों ने शनिवार को एएसपी से मिलकर पुत्री की हत्या कर शव गायब किए जाने की आशंका व्यक्त की। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
जनपद हरदोई के थाना लोनार क्षेत्र के गांव गढ़िया निवासी छोटे भइया ने पुत्री बीनू की शादी कोतवाली सदर क्षेत्र के गांव खरपरी निवासी नीरज कुमार के साथ वर्ष 2015 को की थी। करीब एक माह पूर्व जब वह पत्नी के साथ पुत्री से मिलने गांव खरपरी गए तो वहां उनकी पुत्री नहीं थी। आरोप है कि जब आसपास के लोगों से जानकारी ली तो पता चला कि एक अप्रैल को ससुरालीजन बीनू को जबरदस्ती नुमाइश दिखाने के लिए ले गए थे। उस दिन के बाद से उसका कोई अता पता नहीं है।
शनिवार को एएसपी ओमप्रकाश सिंह से शिकायत करने पहुंचे पीड़ित परिजनों का कहना है कि ससुरालीजनों ने पुत्री की हत्या करने के बाद शव गायब कर दिया है। बीनू की दो वर्षीय पुत्री अपनी दादी के पास है, जबकि उनकी पुत्री का कोई पता नहीं है। परिजनों ने एएसपी से मामले की गंभीरता से जांच कर मुकदमा पंजीकृत कराने की मांग की है। अधिकारी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।