फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

भाजपा नेता सहित साथी पर जानलेवा हमला

किशनी में प्रधान पर हमले में घायल हुआ साथी अरुण - फोटो : amar ujala
किशनी (मैनपुरी)। आगरा से लौट रहे भाजपा नेता ग्राम प्रधान की कार पर घर से दो सौ मीटर पहले बाइक सवार हमलावरों ने जमकर गोलियां बरसाईं। फायरिंग से प्रधान और उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सैफई भर्ती कराया गया है। घायल प्रधान ने हमला करने वालों को पहचानने का दावा किया है।


गांव हरचंदपुर के प्रधान सुखदेव तोमर भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ के पूर्व संयोजक हैं। गुरुवार रात 11 बजे वह कार से आगरा से लौट रहे थे। उनके साथ कुसमरा निवासी अरुण प्रताप सिंह उर्फ कल्लन ठाकुर भी कार में मौजूद था। हरचंदपुर गांव में पहुंचने के बाद प्रधान ने अपने घर से दो सौ मीटर पहले ब्रेकर पर जैसे ही कार धीमी की, तभी पीछे से दो बाइकों पर आए आधा दर्जन बदमाशों ने कार पर गोलियां बरसाना शुरू कर दीं। कल्लन के कंधे में गोली लगने पर उन्होंने कार से निकलकर गांव की ओर भागना शुरू कर दिया। प्रधान सुखदेव तोमर के हाथ में गोली लगकर सीने में लग गई।

कार की चाबी बदमाशों ने निकाल ली, जिससे कार आगे खड़ी बस में जा टकराई। हमलावर प्रधान को मृत समझकर उनके गले से डेढ़ लाख रुपये कीमत की सोने की जंजीर लूटकर बिधूना चौराहे की ओर भाग गए। कल्लन ने घटना की सूचना गांव में लोगों को दी, जिस पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई और घायल प्रधान व कल्लन को सीएचसी किशनी में भर्ती कराया। डॉक्टर अजय भदौरिया ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सैफई रेफर कर दिया। घायल प्रधान सुखदेव तोमर ने हमलावरों को पहचानने का दावा किया है। घटना की तहरीर थाने में नहीं दी गई है।


रात में ही सैफई पहुंच गए भाजपा नेता
प्रधान सुखदेव तोमर पर हमले की सूचना पाकर रात में ही कई प्रधान और भाजपा नेता सैफई पहुंच गए। भाजपा नेता अनुराग पांडे, प्रदीप चौहान, रामभान तोमर, आरएसएस जिला कार्यवाह राहुल मिश्रा, प्रधान जीतू सिसौदिया, उमेश शर्मा, शैलेंद्र सिकरवार, विमल चौहान, प्रशांत शर्मा, भाजपा विस्तारक ऋषभराज, छोटू सेंगर, विक्रांत चौहान ने सैफई पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
---

घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज होगी। मामले की कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन

आशीष कुमार सिंह, थाना प्रभारी किशनी।
Next
AU ऐप में पढ़ें