टूंडला (फिराेजाबाद)। शराब पीकर सीमांचल एक्सप्रेस में एक महिला रेलयात्री ने शनिवार को जमकर हंगामा किया। हंगामे से कोच में बैठे यात्री दहशत में रहे। ट्रेन के टूंडला आने पर रेलवे स्टाफ ने महिला को अटैंड किया। जिसे ट्रेन से बिना उतारे ही गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
आनंद विहार से चलकर राधिकापुर जाने वाली 12488 सीमांचल एक्सप्रेस के एसी कोच बी-3 की बर्थ संख्या-38 पर एक महिला यात्री शनिवार सुबह आनंद विहार स्टेशन से सवार हुई। ट्रेन में चढ़ने के बाद ही इस महिला यात्री ने सहयात्रियों से अभद्रता करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। नशे में धुत महिला रेलयात्री को जिसने भी समझाने का प्रयास किया उसने उसी से अभद्रता कर दी।
परेशान रेलयात्रियों ने टीटीई को जानकारी देते हुए मुख्य नियंत्रण कक्ष टूंडला को अवगत कराया। देरी से चल रही ट्रेन दोपहर ढाई बजे करीब टूंडला पहुंची तो जीआरपी, आरपीएफ व कॉमर्शियल स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर महिला से बातचीत करने का प्रयास किया, किंतु तब तक नशे में धुत महिला गहरी नींद में सो चुकी थी।
ऐसे में पुलिस ने यात्रियों को समझाते हुए महिला यात्री को बिना उतारे ही गंतव्य के लिए रवाना कर दिया।
टीटीई लज्जाराम मीणा ने बताया कि महिला नेहा बेगम है। जो आनंद विहार से अररिया कोर्ट के लिए जा रही थी। महिला रेलयात्री ट्रेन में शराब के नशे में ही चढ़ी थी। जिसने ट्रेन चलने के बाद ही हंगाम किया था तथा बाद में सो गयी।