टूंडला (फिरोजाबाद)। बड़ी बहन की शादी से पहले ही छोटी बहन घर से जेवर व नकदी समेट कर प्रेमी के साथ फरार हो गई। इस घटना के चलते बड़ी बहन की शादी भी नहीं हो सकी। पिता अपनी पुत्री की बरामदगी के लिए पुलिस के चक्कर काट रहा है।
कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति की सात बेटियां हैं। इनमें से चार की शादी हो चुकी हैं। एक बेटी की जलने से मौत हो गई थी। छोटी दो बेटियों के लिए वह वर की तलाश कर रहा था। बड़ी बेटी का रिश्ता भी आगरा से तय कर दिया था। शनिवार को बारात आनी थी, लेकिन शादी से पहले ही उसकी सबसे छोटी 21 वर्षीय बेटी को 27 जनवरी की शाम आगरा के अमरपुरा बोदला थाना जगदीशपुरा निवासी आकाश घर से बहला-फुसलाकर साथ ले गया।
बीए की छात्रा अपने साथ बहन की शादी के लिए रखे 80 हजार रुपये व करीब पांच तोले सोने के आभूषण भी ले गई। परिजनों ने उसकी खूब तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित पिता ने घटना की नामजद तहरीर कोतवाली में दी है। रुपये व जेवर ले जाने के चलते शनिवार को बेटी की बारात नहीं आई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़ित पिता बिजली मिस्त्री का काम कर परिवार चलता है। तहरीर देने के बाद आरोपी युवक पीड़ित पिता को जान से मारने की धमकी भी दे रहा है।