कुरावली (मैनपुरी)। सोमवार को दबंग राशन डीलर ने पुलिस के सामने ही शिकायतकर्ता की पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची अतिरिक्त पुलिस ने राशन डीलर तथा उसके साथियों को पकड़ लिया।
गौरतलब है कि थाना क्षेत्र के गांव खिरियापीपर निवासी ग्रामीण ने गांव के ही दबंग राशन डीलर के विरुद्ध शिकायत कर राशन न देने का आरोप लगाया था। जिसके बाद दबंग राशन डीलर ने शिकायतकर्ता को फोन पर जान से मारने की धमकी दी। परेशान ग्रामीण ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
तो पुलिस ने जांच करते हुए सोमवार को दोनों पक्षों सहित ग्रामीणों को बुलाकर मामले की जानकारी की। ग्रामीणों का आरोप है कि जैसे ही पीड़ित ने अपनी बात बताई वैसे ही दबंग राशन डीलर व उसके साथियों ने पुलिस के सामने पीड़ित की मारपीट करना शुरू कर दी। घटना की सूचना पर कोतवाली से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राशन डीलर और उसके साथियों को पकड़ लिया।