मैनपुरी। मोहल्ला अग्रवाल निवासी महिला को उसके सिपाही पति व अन्य ससुरालीजनों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर पीटकर घर से निकाल दिया है। पीड़िता ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अग्रवाल निवासी रूबी विमल की शादी वर्ष 2012 में फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव मांडई निवासी अवनीश कुमार के साथ हुई थी। अवनीश पुलिस विभाग में सिपाही है। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति व ससुरालीजन दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करते हुए उसे प्रताड़ित करने लगे।
आए दिन मारपीट करने के साथ ही कई बार से घर से भी निकाल चुके हैं। इस बीच रूबी ने एक बेटी को भी जन्म दिया। फिर भी पति व ससुरालीजनों का उत्पीड़न कम नहीं हुआ। एक बार तो पति ने मिट्टी का तेल डालकर जलाने की कोशिश भी की थी। 21 दिसंबर को पति व ससुरालीजनों एक बार फिर से रूबी की पिटाई की।
पीटने के बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया। 22 दिसंबर को वह मायके मोहल्ला अग्रवाल पहुंची। उसके भाई रवि विमल ने थाने में पति व ससुरालीजनों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न की तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।