बिछवां (मैनपुरी)। सोमवार शाम सराफ की दुकान से घर लौट रहे एक युवक से मारपीट कर बाइक सवार लुटेरों ने नकदी व बाइक लूट ली। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटनास्थल से कुछ दूर एक नाले के समीप पुलिस ने लूटी गई बाइक बरामद कर ली है।
जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी शिवराज सिंह ने फर्दपुर स्थित एक सराफ की दुकान से कुछ गहने बनवाए थे। सोमवार शाम को बाइक से वह सराफ के 20 हजार रुपये देने गए थे। मगर दुकान बंद होने की वजह से वह वापस घर लौट रहे थे।
तभी फर्दपुर से कुछ दूरी पर पीछे से दो बाइकों पर सवार होकर आए चार लुटेरों ने ओवरटेक कर रोक लिया। लुटेरों ने शिवराज के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। जेब में रखी 20 हजार की नकदी व बाइक लूट कर भाग गए।
सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर नाले के समीप लूटी गई बाइक बरामद कर ली है। थानाध्यक्ष का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मुकद्मा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।