नौहझील क्षेत्र में कब्जा हटाने गई पुलिस से उलझती महिला।
मथुरा। नौहझील के गांव मुसमुना में कब्जा हटवाने पुलिस के साथ गई राजस्व टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। पहले मारपीट की फिर पथराव करने लगे। इससे तीन दरोगा चोटिल हुए हैं, जबकि तहसील की राजस्व टीम भाग खड़ी हुई।
शुक्रवार को नौहझील के गांव मुसमुना में कुछ दबंगों ने ग्राम पंचायत व गांव के कुछ लोगों की पैतृक जमीन पर कब्जा कर लिया है। इस पर कानूनगो रामकुमार शर्मा, लेखपाल शंकरलाल व नजमुद्दीन नौहझील थाना और बाजना चौकी पुलिस बल को साथ लेकर मुसमुना पहुंचे। टीम ने गांव में पहुंचकर संबंधित जमीन की पैमाइश करना शुरू किया।
तहसील टीम ने गांव के रामजीलाल, मानसिंह व भगवत द्वारा जमीन पर कब्जा पाया। इस पर राजस्व टीम ने सायं के वक्त रामजीलाल की दो बीघा बरसीम को जेसीबी से नष्ट कर दिया। वहीं मानसिंह के बिटौरा व बुर्जी को तोड़ने लगे। इसी दौरान कुछ महिलाएं आ गईं और जेसीबी के आगे लेट गईं। पुलिस और महिला सिपाहियों ने ग्रामीण महिलाओं को हटाया तो ग्रामीणों ने पुलिस व राजस्व टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इससे पहले पुलिस मारपीट करने वाले लोगों से निपटती थोड़ी देर में ही पथराव शुरू हो गया। पथराव होते ही राजस्व टीम जेसीबी लेकर भाग खड़ी हुई। वहीं पत्थर लग जाने से बाजना चौकी प्रभारी राजकुमार गिरि, नौहझील थाने के दरोगा सुमित व जतिन पाल चोटिल हो गए।
पुलिस ने मौके से रविंद्र नाम के युवक को पकड़ लिया और थाने ले आए। सूचना पर सीओ मांट जगवीर सिंह चौहान मांट, सुरीर पुलिस लेकर नौहझील थाने पहुंच गए। पुलिस ने हमलावरों की धरपकड़ को दबिश दी। सीओ मांट जगवीर सिंह चौहान ने बताया कि अतिक्रमण हटाने गई टीम से ग्रामीणों ने अभद्रता कर दी थी। गांव में शांति है। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।